Dindori News : मनरेगा से बने तालाब ने बदली बैगा परिवारों की तकदीर, वन ग्राम विनोदी में मिटा जल संकट…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जनपद पंचायत डिंडौरी अंतर्गत ग्राम पंचायत तेंदुमेर मोहतरा के वन ग्राम विनोदी में मनरेगा योजना के तहत निर्मित सार्वजनिक तालाब बैगा परिवारों के लिए जल संकट से राहत का मजबूत सहारा बनकर सामने आया है। हर वर्ष गर्मी के मौसम में पानी की गंभीर किल्लत झेलने वाले बैगा परिवारों के लिए यह तालाब अब उम्मीद की नई किरण साबित हो रहा है।

महात्मा गांधी नरेगा योजना के जल संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य को यह तालाब प्रभावी रूप से साकार कर रहा है। बैगा बाहुल्य ग्राम विनोदी में पानी की समस्या को देखते हुए वित्तीय वर्ष 2024-25 में मनरेगा योजना अंतर्गत 24.41 लाख रुपये की लागत से सार्वजनिक तालाब निर्माण को स्वीकृति दी गई थी।

ग्रामवासियों के हित में वन विभाग द्वारा तालाब निर्माण हेतु वन भूमि उपयोग के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे जल संकट से जूझ रहे बैगा परिवारों को बड़ी राहत मिली। तालाब निर्माण कार्य में ग्राम विनोदी सहित आसपास की ग्राम पंचायतों के मजदूरों ने भागीदारी निभाई। इस दौरान कुल 4180 मानव दिवस का सृजन हुआ तथा लगभग 12 लाख रुपये की मजदूरी का भुगतान मनरेगा योजना के अंतर्गत किया गया।

तालाब निर्माण के दौरान ही पहली बारिश में यह जल से लबालब भर गया। वर्तमान में इससे ग्रामीणों को पेयजल एवं दैनिक उपयोग के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है, वहीं वन्य जीव भी यहां आकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं। जिले के भ्रमण के दौरान मनरेगा आयुक्त अवि प्रसाद ने ग्राम पंचायत तेंदुमेर मोहतरा के ग्राम विनोदी में निर्मित इस सार्वजनिक तालाब का अवलोकन किया। उन्होंने स्थल चयन, निर्माण गुणवत्ता एवं जल भराव व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे बैगा परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक कार्य बताया।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *