Dindori News : मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान में उमड़ा जनसैलाब, 1723 लोगों ने ली निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

415 मरीजों को मिले निःशुल्क चश्मे, एक ही शिविर में जांच, उपचार और शासकीय योजनाओं का लाभ

 

डिंडौरी । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर में आमजन का उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिला। शिविर में कुल 1723 लोगों का पंजीयन कर विभिन्न स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, उपचार एवं शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

 

शिविर में सभी आयु वर्ग के लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 30 वर्ष से अधिक आयु के 695 पुरुष एवं 535 महिलाएं, 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के 439 युवा, 5 से 18 वर्ष तक के 229 बच्चे तथा 0 से 5 वर्ष तक के 107 छोटे बच्चे शामिल रहे।

 

स्वास्थ्य शिविर में गैर-संचारी रोगों सहित विभिन्न बीमारियों की पहचान के लिए व्यापक स्तर पर जांच की गई। 1092 लोगों के रक्तचाप और इतने ही लोगों के ब्लड शुगर की जांच की गई। इसके अलावा 457 मरीजों का एक्स-रे, 362 लोगों की खखार जांच तथा 332 अन्य लैब टेस्ट किए गए। 620 लोगों की एनीमिया एवं 192 लोगों की सिकल सेल जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।

 

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए 34 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की गई। इनमें प्रथम त्रैमास की 8, द्वितीय त्रैमास की 14, तृतीय त्रैमास की 7 तथा चतुर्थ त्रैमास की 5 गर्भवती महिलाएं शामिल रहीं। नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 415 लोगों की आंखों की जांच की गई और पात्र मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया।

 

शिविर के दौरान 14 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। वहीं जन्मजात विकृति एवं दिव्यांगता से प्रभावित 21 बच्चों की पहचान की गई तथा 14 गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शिविर में सामाजिक सुरक्षा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया। 19 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए गए और 16 पात्र हितग्राहियों को फूड बास्केट वितरित किए गए। आयुष्मान भारत निरामयम् योजना के अंतर्गत 70 वर्ष से अधिक आयु के 13 वरिष्ठ नागरिकों, पीवीटीजी श्रेणी के 2 लाभार्थियों, पीएम-डीएजेजीयूए योजना के 18, बीओसीडब्ल्यू श्रेणी के 23 तथा अन्य 31 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।

 

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी सेवाओं को समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना है। शिविर के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर जांच, उपचार, चिकित्सकीय परामर्श, रेफरल और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिला। विशाल स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *