Dindori News : 12 से 18 जून तक जिलेभर में लगेंगे जनकल्याण शिविर, योजनाओं से वंचित हितग्राहियों को मिलेगा लाभ…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी बनाए गए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी

 

डिंडौरी। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में 12 जून से 18 जून 2026 तक विशेष “जनकल्याण शिविर” आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर डिंडौरी द्वारा जारी आदेश के अनुसार इन शिविरों का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से वंचित पात्र लोगों की पहचान कर उनका पंजीयन, स्वीकृति एवं लाभ वितरण सुनिश्चित करना है।

 

आदेश में बताया गया है कि विश्व पर्यावरण दिवस एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिले में शिविरों के सफल संचालन हेतु जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

जिले के सभी विकासखंड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों में तीन दिवसीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रथम चरण में 12 से 14 जून तक जनपद पंचायत डिंडौरी, नगर परिषद डिंडौरी और जनपद पंचायत अमरपुर में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 15 से 17 जून तक जनपद पंचायत शहपुरा, बजाग, करंजिया, समनापुर तथा नगर पंचायत शहपुरा में शिविर आयोजित होंगे। इसके अलावा 16 से 18 जून तक जनपद पंचायत मेहंदवानी में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा।

 

प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *