— डैम का गेट खोलकर मछली पकड़ रहे थे लोग, पंचायत की शिकायत पर कार्रवाई
डिंडौरी। जनपद पंचायत अमरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत रामगढ़ में खरमेर नदी पर बने स्टॉप डैम का गेट कुछ लोगों द्वारा खोल दिए जाने से जल संरक्षण पर संकट खड़ा हो गया। गेट खुलने के कारण डेम का पानी तेजी से बहने लगा, वहीं कुछ लोगों द्वारा डेम में मछली पकड़ने की गतिविधियां भी किए जाने की जानकारी सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्राम पंचायत रामगढ़ के सरपंच और सचिव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना प्राप्त होते ही चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।
पुलिस की मौजूदगी में स्टॉप डैम का गेट तत्काल बंद कराया गया, जिससे पानी का अनावश्यक बहाव रुक गया और डेम में संचित जल सुरक्षित बचाया जा सका। समय पर हुई कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए उपयोगी जल संसाधन संरक्षित हो गया।
ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि स्टॉप डैम का पानी कृषि कार्यों, पशुपालन और अन्य आवश्यकताओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सार्वजनिक जल संरचनाओं से छेड़छाड़ न केवल जल संरक्षण के प्रयासों को प्रभावित करती है, बल्कि पूरे क्षेत्र के हितों को भी नुकसान पहुंचाती है।
पंचायत ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। पंचायत ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




