Breaking News : गंदे किचन और एक्सपायरी सामान पर चला प्रशासन का डंडा, खाद्य विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

एक्सपायरी सामग्री नष्ट, मसाले-तेल के नमूने जांच के लिए भेजे गए; गंदगी मिलने पर रेस्टोरेंट संचालकों को नोटिस

 

डिंडौरी। जिले में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में करंजिया विकासखंड के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, होटल, रेस्टोरेंट एवं किराना दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया।

 

निरीक्षण के दौरान बृजेश किराना स्टोर में टोस्ट, बेली सुपारी एवं स्वीटी सुपारी एक्सपायरी डेट की पाई गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही काली मिर्च और घी के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। शुभ ट्रेडर्स, राजेन्द्र कुमार साहू गल्ला फर्म तथा मां शारदा किराना स्टोर से हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और खाद्य तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। संबंधित संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

 

अमरकंटक रोड स्थित मां नर्मदा रेस्टोरेंट एवं कैफे के निरीक्षण के दौरान किचन में गंभीर स्वच्छता संबंधी कमियां सामने आईं। फर्श, दीवारों और छत पर गंदगी एवं काली परत जमी हुई मिली तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का अभाव पाया गया। इसे मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर मानते हुए रेस्टोरेंट संचालक को सुधारात्मक कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया गया।

 

इसी प्रकार पाटनगढ़ स्थित बजरंग रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया, जहां आवश्यक सुधार के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा विनियम 2011 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

निरीक्षण दल ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, भोजन निर्माण में उपयोग किए जाने वाले पानी की नियमित जांच कराने तथा फ्रिज, बर्तनों एवं किचन परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी संग्रहित नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा, जहां से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती प्रभा सिंह तेकाम ने बताया कि मिलावट एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी डेट की जांच करने की अपील भी की।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *