— मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने एक सप्ताह में प्रगति सुधारने के दिए निर्देश…
डिंडौरी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और जनमन आवास योजना के निर्माण कार्यों में सुस्ती बरतने पर जनपद पंचायत अमरपुर ने सख्ती दिखाते हुए आठ ग्राम पंचायतों के सचिवों और ग्राम रोजगार सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।

दरअसल मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डिंडौरी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यह पाया गया कि जनपद की कई पंचायतों में आवास निर्माण कार्य की गति बेहद धीमी है। इस पर जनपद पंचायत अमरपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्राम पंचायत खजरी माल, गिठौरी, मनोरी, जलेगांव, किसलपुरी, परसेल, उमरिया और चांदपुर के सचिवों एवं ग्राम रोजगार सहायकों से जवाब मांगा गया है।
जिला सीईओ के द्वारा की गई समीक्षा बैठक में सामने आया कि वर्ष 2024-25 में स्वीकृत आवासों की तुलना में निर्माण कार्यों की प्रगति बेहद कम है। खजरी माल में 12 स्वीकृत आवासों में से 7 और जनमन आवासों में 74 में से केवल 10 पूरे हुए हैं। गिठौरी में 21 में से 2, मनोरी में 24 में से 5, जलेगांव में 27 में से 5, किसलपुरी में 123 में से 32, परसेल में 17 में से 5, और उमरिया में 63 में से केवल 14 आवास पूरे किए गए हैं। चांदपुर पंचायत में 42 में से 19 आवास पूर्ण हुए हैं जबकि जनमन आवास में एक भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित सचिवों को निर्देशित किया है कि वे एक सप्ताह के भीतर निर्धारित संख्या में आवास पूर्ण कराकर प्रगति 35 से 40 प्रतिशत तक बढ़ाएं, अन्यथा उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी। अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य ग्रामीण गरीबों को पक्का मकान उपलब्ध कराना है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पंचायतों को निर्माण कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करने और लाभार्थियों को समय पर किश्तें जारी कराने के निर्देश भी दिए।




