मध्यप्रदेश पुलिस ने तमिलनाडु पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में त्रिची जिले के थाना समयपुरा में हुई ₹10 करोड़ की डकैती का सफल पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में दो आरोपी मांगीलाल और विक्रम (दोनों जोधपुर निवासी) गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने तलाशी के दौरान 9.4 किलो सोना, ₹3 लाख नकदी, देशी पिस्टल और कारतूस बरामद किए। कुल बरामदगी की कीमत लगभग ₹10 करोड़ बताई जा रही है।
प्राप्त सूचना के आधार पर एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और तमिलनाडु पुलिस के सहयोग से संयुक्त नाकाबंदी की गई। आरटीओ बैरियर सेंधवा पर संदिग्ध बस की तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने त्रिची डकैती में शामिल होने की बात स्वीकार की। इस बड़ी कार्रवाई से मध्यप्रदेश पुलिस की सीमापार सटीक कार्रवाई और अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की क्षमता उजागर हुई।




