मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को डिंडौरी जिला कार्यालय के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नरवदिया मरकाम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पटवारी का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।
महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नरवदिया मरकाम ने कहा कि हरतालिका तीज जैसे पावन पर्व पर महिलाओं को शराब से जोड़ना अपमानजनक है। वहीं भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह राजपूत ने मांग की कि पटवारी प्रदेश की मातृशक्ति से सार्वजनिक माफी मांगें, अन्यथा कांग्रेस उन्हें पद से हटाए।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुशीला मार्को ने कहा कि पटवारी का बयान महिलाओं का अपमान है, इसलिए पुतले पर कालिख पोतकर जलाया गया। उन्होंने कहा कि तीज पर जब महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, उस समय ऐसा बयान कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करता है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि महिलाओं का अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान महिला मोर्चा जिला महामंत्री कुंवारिया मरावी, नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता सारस, उपाध्यक्ष सारिका नायक, जनपद सदस्य रजनी मंदे, अनीता धूमकेती, पूर्व मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण ठाकुर, मंडल अध्यक्ष अनिल साहू, भागीरथ उरैती, मिथलेश मिश्रा, स्मिता बर्मन, साधना तिवारी, सुनीता चौहान, सुनीता ठाकुर सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




