मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के तहत नीति आयोग द्वारा जिले में पहली बार ‘आकांक्षा हाट’ का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष तीन दिवसीय आयोजन 1 अगस्त से 3 अगस्त तक पीएम एकीकृत शासकीय विद्यालय, पोस्ट ऑफिस के सामने, डिंडौरी में आयोजित होगा।
इस आयोजन का उद्देश्य जिले की स्थानीय प्रतिभाओं, महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs), किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), बैंक सखियों और कारीगरों को एक साझा मंच प्रदान कर उनके उत्पादों को प्रोत्साहन देना है। साथ ही यह आयोजन ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
प्रदर्शनी, बिक्री और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र
‘आकांक्षा हाट’ में तीनों दिन स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री, विभागीय उपलब्धियों की प्रदर्शनी, जन-जागरूकता अभियान, एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इससे न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी मिल सकेगी।
03 अगस्त को ‘संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह’
आयोजन के अंतिम दिन 3 अगस्त को ‘आकांक्षा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मेंहदवानी, बजाग और करंजिया विकासखंडों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले जमीनी अमले एवं अधिकारियों को संपूर्णता अभियान के अंतर्गत प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
राज्य स्तर पर डिंडौरी को तीन पदक
नीति आयोग के छह प्रमुख सूचकांकों में उल्लेखनीय प्रगति के लिए डिंडौरी जिले को कांस्य, रजत एवं रजत पदक से नवाजा जाएगा। बजाग विकासखंड ने 3, करंजिया ने 4 और मेंहदवानी ने 4 सूचकांकों में संतृप्ति सुनिश्चित की है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य व पंचायत कर्मियों तथा जनसहभागिता के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है।
‘आकांक्षा हाट’ : ग्रामीण विकास का प्रेरणादायक मंच
‘आकांक्षा हाट’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि यह डिंडौरी जिले द्वारा नीति आयोग के मार्गदर्शन में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को आगे बढ़ाने की दिशा में किया गया एक प्रेरणादायक प्रयास है। यह हाट स्थानीय उत्पादों को बाज़ार से जोड़ने, ग्रामीण प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम बनेगा।
