Dindori News : समनापुर में भावुक माहौल में BSW/MSW विद्यार्थियों को दी गई विदाई, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। समनापुर स्थित आजीविका भवन में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम (CMCLDP) से सम्बद्ध महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, सतना एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के अंतर्गत अध्ययनरत BSW/MSW अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए भव्य विदाई एवं वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

 

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हेमबती राजपूत, विशिष्ट अतिथि समाजसेवी भारत सिंह राजपूत, जिला समन्वयक धर्मेन्द्र चौहान एवं विकासखंड समन्वयक मंजूलता राव द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक दायित्वों के महत्व पर प्रकाश डाला।

 

 

समारोह में CMCLDP से जुड़े शिवकुमार ठाकुर, दिलीप बर्मन, श्रीमती शिशु बड़गैया, सुश्री डाली पनरिया सहित नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि रामकुमार मरकाम, सूरज ताम्रकार, दीपक वर्मे, वेदप्रकाश यादव एवं परशराम ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। बड़ी संख्या में BSW/MSW के छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नृत्य, गायन एवं गीतों ने सभी का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों ने समारोह को जीवंत और आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर MSW अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा उपहार देकर सम्मानित किया गया, जिससे माहौल भावुक और गौरवपूर्ण हो गया।

 

 

विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए संस्थान एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए समाज सेवा के क्षेत्र में ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता समाज में सकारात्मक परिवर्तन के प्रमुख वाहक होते हैं।

 

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन में यश नामदेव, पूजा बर्मन, दिनेश कुमार, भुवनेश्वर सिंह एवं राधिका पड़वार का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन एवं व्यवस्थाएं सराहनीय रहीं। अंत में सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। यह समारोह विद्यार्थियों के लिए एक यादगार पल बन गया, जिसने शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों को भी मजबूत किया।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *