डिंडौरी। मध्य प्रदेश की CM हेल्पलाइन रैंकिंग में डिंडौरी जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इस बार पूरे प्रदेश के द्वितीय समूह में तीसरा स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि जिले की प्रशासनिक सक्रियता और जनसमस्याओं के समाधान के प्रति गंभीरता को दर्शाती है।
मार्च 2026 की जारी रिपोर्ट के अनुसार, डिंडौरी जिले ने 84.36 अंक प्राप्त कर A ग्रेड हासिल किया है। शिकायतों के समयबद्ध निराकरण, गुणवत्तापूर्ण समाधान और नागरिक संतुष्टि जैसे मानकों पर जिले ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया, जिसके चलते वह टॉप-3 में जगह बनाने में सफल रहा।
जिले में अधिकारियों द्वारा नियमित मॉनिटरिंग, शिकायतों की सतत समीक्षा और जवाबदेही तय करने की प्रभावी व्यवस्था लागू की गई है। इसका सकारात्मक परिणाम यह रहा कि लंबित शिकायतों में कमी आई है और नागरिकों को समय पर समाधान मिल रहा है।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम वर्क, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ किए गए कार्यों का परिणाम है। साथ ही निर्देश दिए कि भविष्य में भी जनसमस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि जिले की रैंकिंग और बेहतर हो सके।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर जेपी यादव, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, वैद्यनाथ वासनिक, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, लोक सेवा केंद्र प्रबंधक रणजीत सिंह और विनय कुमार सहित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो पाई है। प्रशासन ने आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है।
