डिंडौरी। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर के निर्देशानुसार 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन डिंडौरी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा से जुड़ी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए कलेक्टोरेट अधीक्षक कक्ष में प्रातः 8:00 बजे से जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष परीक्षा केंद्रों से सामग्री जमा होने तक सक्रिय रहेगा। नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो परीक्षा के दौरान समन्वय और सूचना संप्रेषण सुनिश्चित करेंगे।
परीक्षा संचालन के लिए बैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर को जिला परीक्षा प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि श्री रामबाबू देवांगन, एसडीएम डिंडौरी को सहायक परीक्षा प्रभारी के साथ जिला उड़नदस्ता दल प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिले में बनाए गए तीन परीक्षा केंद्रों पर कार्यपालिक दण्डाधिकारी, केंद्राध्यक्ष और पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। प्रमुख परीक्षा केंद्रों में शासकीय एकलव्य हायर सेकेंडरी विद्यालय डिंडौरी और शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी विद्यालय डिंडौरी शामिल हैं, जहां प्रशासनिक निगरानी में परीक्षा कराई जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
