डिंडौरी। जनपद पंचायत करंजिया एवं बजाग क्षेत्र के बीईओ कार्यालय प्रांगण (बीआरसी मैदान) बजाग में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग के तत्वाधान में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 200 वर-वधु परिणय सूत्र में बंधे।
सामूहिक विवाह समारोह में डिंडौरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी सहित प्रशासनिक टीम ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
समारोह की शुरुआत जनपद पंचायत प्रांगण से बारात निकालकर हुई, जो मुख्य मार्ग से होते हुए बीआरसी मैदान पहुंची। यहां धर्मगुरुओं द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी 200 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य एवं गुदुम बाजा आकर्षण का केंद्र रहे।
विधायक ओमकार मरकाम ने नवविवाहित जोड़ों को संबोधित करते हुए कहा कि विवाह विश्वास और जिम्मेदारी का बंधन है, जिसे आपसी सम्मान और समझ के साथ निभाना चाहिए। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते ने विवाह को सामाजिक और पारिवारिक मूल्यों का आधार बताया।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए नवदंपत्तियों को सात महत्वपूर्ण संकल्प दिलाए, जिनमें शिक्षा, नशामुक्ति, जल संरक्षण और परिवार में आपसी सम्मान जैसे विषय शामिल रहे। उन्होंने वर-वधुओं और उनके परिजनों से समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सभी जोड़ों को शासन की ओर से 49,000 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की गई। साथ ही सभी अतिथियों एवं परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।सामूहिक विवाह समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां नवविवाहित जोड़ों को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शुभकामनाएं देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
