Dindori News : अनुपस्थिति और लापरवाही पर कड़ा रुख ! एकलव्य विद्यालयों के प्राचार्यों पर गिरेगी गाज….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

एकलव्य विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर कड़ी नजर! कलेक्टर ने दिए विकास कार्यों के निर्देश

 

डिंडौरी। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्टर सभाकक्ष में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विकास कार्यों, बजट प्रबंधन एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

 

बैठक के दौरान कलेक्टर ने सभी प्राचार्यों से विद्यालयों में चल रही गतिविधियों, प्राप्त बजट, छात्र उपस्थिति तथा शिक्षक एवं स्टाफ की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित समस्याओं पर भी चर्चा करते हुए विकास कार्यों एवं वित्तीय अधिकारों के उपयोग में पारदर्शिता एवं नियमानुसार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

 

कलेक्टर भदौरिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन के निर्धारित मापदंडों के अनुसार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों की सभी गतिविधियाँ समिति के अनुमोदन के बाद ही संचालित की जाएं। उन्होंने डिंडौरी, बजाग, करंजिया, शहपुरा एवं मेहदवानी के प्राचार्यों को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष के लिए अपने-अपने विद्यालयों के विकास कार्य एवं अन्य गतिविधियों के प्रस्ताव तैयार कर समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाएं।

 

 

साथ ही विगत वर्षों की गतिविधियों की सूचना प्रस्तुत न करने पर सभी संबंधित प्राचार्यों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में शहपुरा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के प्राचार्य द्वारा बिना सूचना अवकाश पर रहने एवं बैठक में अनुपस्थित रहने पर भी नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।

 

 

छात्र उपस्थिति की समीक्षा में जानकारी दी गई कि डिंडौरी में 480 में से 477, शहपुरा में 480 में से 428, मेहदवानी में 480 में से 450 तथा करंजिया में 480 में से 478 छात्र उपस्थित हैं। इस पर कलेक्टर ने सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

 

बैठक में अपर कलेक्टर जे. पी. यादव, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार जाटव, बीईओ तथा सभी एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के प्राचार्य एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *