डिंडौरी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड समनापुर अंतर्गत चयनित नवांकुर संस्था सामाजिक समरसता सेवा समिति झांकी रैयत के तत्वाधान में ग्राम झांकी के सार्वजनिक दुर्गा मंच के सामने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के प्रभारी ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि बढ़ती भीषण गर्मी और बदलते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए जल बचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि नदी, नाले, कुएं और तालाब जैसे जल स्रोतों का संरक्षण कर हम न केवल मानव जीवन बल्कि जीव-जंतुओं के लिए भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कर सकते हैं।
इस दौरान “जल है तो कल है” का नारा लगाते हुए ग्रामीणों को जल संचय के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सभी को अपने घरों में लीजफिट (सोखता गड्ढा) बनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे वर्षा जल का संरक्षण आसानी से किया जा सके।
कार्यक्रममें विकासखंड समन्वयक मंजुलता राव, नवांकुर संस्था प्रभारी वेद प्रकाश यादव, मेंटर डॉली पनरिया, समिति सदस्य अशोक तिलगाम, वार्ड पंच सुमेर सिंह धुर्वे, ग्राम कोटवार लखन दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
