डिंडौरी। वन अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए वन विभाग डिंडौरी ने शिकार के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शिकार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
वन मंडल अधिकारी अशोक कुमार सोलंकी और उप वन मंडल अधिकारी सुरेंद्र सिंह जाटव के निर्देशन में वन विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शिकार के उद्देश्य से लगाए गए करेंट प्रवाहित जी.आई. वायर को जब्त करते हुए आरोपी दरबार सिंह मरकाम उर्फ चंद्र सिंह मरकाम (56 वर्ष), निवासी कूई माल, थाना शाहपुर के खिलाफ कार्रवाई की गई।
वन अमले ने आरोपी के घर की तलाशी ली, जहां से एक जंगली सूअर का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। इसके अलावा जी.आई. वायर, बांस और शिकार में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री भी मौके से जब्त की गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए गए।
इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी अतुल सिंह बघेल, परिक्षेत्र सहायक ईश्वर सिंह परस्ते, वनरक्षक सुनील कोरी, संजय मार्को, मानसिंह मरावी, उदय सिंह धुरवे, अनीता धुरवे, गीता पैंद्रो और आलोक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के शिकार या शिकार के प्रयास से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे वन्यजीव संरक्षण में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।
