Dindori News : दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए परीक्षण एवं चिह्नांकन शिविर आयोजित — 72 पात्र लाभार्थी हुए चयनित…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा सोमवार को जनपद पंचायत करंजिया एवं बजाग में दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए परीक्षण एवं चिह्नांकन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर भारत सरकार की एडीआईपी एवं वयोश्री योजना के अंतर्गत आयोजित हुआ।

शिविर में विभिन्न ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक पहुंचे। कुल 173 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया, जिनमें से 72 पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें व्हीलचेयर, ट्रायसाइकिल, बैसाखी, श्रवण यंत्र, स्टिक, कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए जाने हेतु चिह्नांकित किया गया। इस दौरान विशेषज्ञ मेडिकल टीम द्वारा लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक उपकरणों के लिए अनुशंसा की गई। कलेक्टर श्रीमती भदौरिया के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाना एवं उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।

शिविर में विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संस्थाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। लाभार्थियों और उनके परिजनों ने इस पहल को एक प्रेरणादायक एवं जनहितकारी कदम बताया। आगामी कार्यक्रमों के अनुसार — 28 अक्टूबर को जनपद पंचायत समनापुर-अमरपुर, 29 अक्टूबर को जनपद पंचायत डिंडौरी व नगर परिषद डिंडौरी, 30 अक्टूबर को जनपद पंचायत शहपुरा व नगर परिषद शहपुरा,31 अक्टूबर को जनपद पंचायत मेंहदवानी में शिविर आयोजित किए जाएंगे।जिला प्रशासन ने अपील की है कि सभी पात्र हितग्राही निर्धारित तिथि पर अपने विकासखंड के आयोजन स्थल पर पहुंचकर योजना का लाभ अवश्य लें।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *