डिंडौरी। जनपद पंचायत अमरपुर में “एक बगिया माँ के नाम” अभियान को गति देने के उद्देश्य से जनपद पंचायत सभा हाल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत अमरपुर के परियोजना अधिकारी (पी.ओ.) प्रदीप शुक्ला ने की।
बैठक में परियोजना अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि तत्काल स्वीकृत कार्यों की पूर्ति की जाए, जिओ टैगिंग कार्य पूर्ण कर सभी योजनाओं में मास्टर रोल जारी किए जाएं, साथ ही गड्ढों की खुदाई और पौधारोपण का कार्य तुरंत प्रारंभ कराया जाए।
परियोजना अधिकारी ने कहा कि “एक बगिया माँ के नाम” अभियान सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक जनआंदोलन है। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों से इसमें सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि डिंडौरी जिला हरियाली और स्वच्छता का उदाहरण बन सके।





