डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने शनिवार को औरई रोड स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत नगर परिषद डिंडौरी द्वारा निर्मित हो रहे आवासों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ठेकेदार एवं नगर परिषद सीएमओ ने जानकारी दी कि कुल 50 आवास निर्माणाधीन हैं, जिन्हें शीघ्र ही पात्र हितग्राहियों को सौंपा जाएगा। कलेक्टर ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर आवासों की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री और प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवास निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्ता युक्त रूप से पूर्ण किए जाएं। प्रत्येक आवास में बिजली कनेक्शन, पानी की टंकी, गेट, खिड़की और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
श्रीमती भदौरिया ने ठेकेदार को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वर्ष 2012 से कार्य प्रगति पर होने के बावजूद अब तक आवास पूर्ण न होना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर सभी आवास पूर्ण नहीं हुए, तो ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पूर्व में निर्मित आवासों में रह रहे नागरिकों ने कलेक्टर को लाइट, नाली और पानी की समस्या से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने ठेकेदार को दो दिनों के भीतर मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सभी आवासों में बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने और पोल पर लगी लाइटों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, नगर परिषद सीएमओ को कॉलोनी में कचरा पात्र (डस्टबिन) लगाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि निर्माण एजेंसी कॉलोनी परिसर में दुकानों का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुसार करे, ताकि आवासीय क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुश्री भारती मरावी, सीएमओ अमित तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




