भोपाल। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में अधिक से अधिक जरूरतमंद पथ विक्रेताओं को ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपने व्यवसाय को सशक्त बना सकें। उन्होंने बताया कि सभी नगरीय निकायों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
विजयवर्गीय शुक्रवार को केन्द्रीय शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। इस बैठक में पीएम स्वनिधि योजना के पुनर्गठन और इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। बैठक में राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने बताया कि योजना में अधिक से अधिक महिला हितग्राहियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
— पीएम स्वनिधि योजना में देश में पहले स्थान पर मध्यप्रदेश
बैठक में यह जानकारी दी गई कि पीएम स्वनिधि योजना को 31 मार्च 2030 तक बढ़ा दिया गया है। पथ विक्रेताओं को ऋण वितरण के मामले में मध्यप्रदेश देश में पहले स्थान पर है। अब तक 9 लाख हितग्राहियों को 2,078 करोड़ रुपये का ऋण और 80 करोड़ रुपये ब्याज सब्सिडी के रूप में वितरित किए जा चुके हैं।
— प्रशिक्षण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में पहल
आयुक्त नगरीय विकास संकेत भोंडवे ने बताया कि पथ विक्रेताओं को व्यवसायिक रूप से सक्षम बनाने के लिए क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कराया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता, ई-कॉमर्स, पैकेजिंग, खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता जैसे विषय शामिल हैं।
इसके साथ ही पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को जन-धन, पीएम सुरक्षा बीमा, जीवन ज्योति बीमा, पीएम श्रम योगी मानधन, जननी सुरक्षा, श्रमिक कल्याण और मातृत्व वंदना योजना से जोड़ा गया है।सरकार हितग्राहियों को समय पर ऋण किस्त जमा कराने के लिए प्रोत्साहन भी प्रदान कर रही है।





