डिंडौरी। 26 अप्रैल। जिले में रविवार को मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की प्रारंभिक परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय और शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में दो सत्रों में आयोजित की गई।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में परीक्षा से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई थीं। कलेक्टर ने शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिसके चलते पूरी परीक्षा प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
प्रथम सत्र सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक एवं द्वितीय सत्र दोपहर 02:15 बजे से 04:15 बजे तक आयोजित हुआ। प्रथम सत्र में 1033 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 784 उपस्थित रहे, जबकि द्वितीय सत्र में 773 परीक्षार्थी शामिल हुए। कुल मिलाकर 260 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्वास्थ्य टीम, पुलिस बल, पेयजल व्यवस्था, फिस्किंग, प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी कैमरे, परिवेक्षक एवं उड़नदस्ता दल की सतत निगरानी में परीक्षा संपन्न हुई। विशेष बात यह रही कि इस वर्ष आयोग द्वारा इंदौर से कैमरों के माध्यम से लाइव मॉनिटरिंग भी की गई।
संभागीय प्रेक्षक डॉ. अशोक भार्गव, जिला नोडल अधिकारी वैद्यनाथ वासनिक, एसडीएम रामबाबू देवागन, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार, रूपेंद्र पांडेय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी पूरे समय परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी। कुलमिलाकर जिले में परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित माहौल में संपन्न होने से प्रशासन ने राहत की सांस ली।




