डिंडौरी। अनुविभागीय अधिकारी डिंडौरी रामबाबू देवागंन ने निगवानी उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर गेहूं, मसूर एवं चना खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में चल रहे खरीदी कार्य एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
जांच में पाया गया कि गेहूं, मसूर एवं चना खरीदी के लिए बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता है। केंद्र परिसर में “जल मंदिर” के माध्यम से मटकों में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। तौल के लिए पांच कांटे उपलब्ध पाए गए, वहीं एक अतिरिक्त कांटा लगाने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान खरीदे गए गेहूं एवं मसूर की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों के अनुसार ही अच्छी गुणवत्ता की उपज की खरीदी सुनिश्चित की जाए।
हालांकि, प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। किसानों के बैठने के लिए छाया की उचित व्यवस्था पाई गई। उपार्जित स्कंध को सुरक्षित रूप से गोदाम में रखा जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
