भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के आह्वान पर बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने अपने स्थानीय भ्रमण के दौरान कारकेड में वाहनों की संख्या घटाने के निर्देश दिए हैं। अब भोपाल में मुख्यमंत्री के कारकेड में 13 वाहनों के स्थान पर केवल 8 वाहन शामिल होंगे।
जारी निर्देशों के अनुसार मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान वाहन रैलियों पर रोक लगाई गई है। साथ ही मंत्रियों और नव नियुक्त निगम-मंडल पदाधिकारियों से भी न्यूनतम वाहनों का उपयोग करने की अपील की गई है। आदेश में कहा गया है कि अनावश्यक रूप से वाहनों का उपयोग न किया जाए और जहां संभव हो सार्वजनिक परिवहन का उपयोग किया जाए।
सरकार द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक आगामी आदेश तक मुख्यमंत्री के स्थानीय दौरों में सीमित वाहन ही शामिल किए जाएंगे। पहले सुरक्षा कारणों से कारकेड में 13 वाहन रखे जाते थे, जिसमें एस्कॉर्ट वाहन, मीडिया कार, एंबुलेंस और टेल कार समेत अन्य वाहन शामिल थे। अब इसे घटाकर 8 वाहन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी ईंधन की बचत करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने की अपील की है।
