जबलपुर। जनजातीय कार्य विभाग में लंबे समय तक अपनी कार्यकुशलता और प्रशासनिक दक्षता के लिए पहचान बनाने वाले अधिकारी नरोत्तम बरकडे के जबलपुर संभाग में संभागीय उपायुक्त पद पर पदोन्नत होने पर ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि बरकडे एक ऐसे अधिकारी हैं जो “सादा जीवन, उच्च विचार” की कार्यशैली को आत्मसात करते हैं। उन्होंने कहा कि बरकडे की सबसे बड़ी विशेषता यह रही है कि वे किसी भी शासकीय कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखते और समयबद्ध तरीके से कार्यों का निराकरण सुनिश्चित करते हैं।
गर्ग ने बताया कि डिंडौरी जिले में सहायक आयुक्त के रूप में कार्यकाल के दौरान बरकडे ने जनजातीय क्षेत्र के विकास और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनके कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों की सराहना आज भी जिले में की जाती है।
उन्होंने कहा कि बरकडे के संभागीय उपायुक्त बनने से पूरे जबलपुर संभाग के शिक्षक समुदाय में उत्साह का माहौल है। शिक्षकों को विश्वास है कि उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में जनजातीय अंचलों की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और गति मिलेगी और विद्यार्थियों के हित में कई सकारात्मक पहलें देखने को मिलेंगी। ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन ने नरोत्तम बरकडे के सफल, प्रभावी और जनहितैषी कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
