डिंडौरी। शासकीय शिक्षक संगठन जिला डिंडौरी ने कार्यरत शिक्षकों की टीईटी परीक्षा को देखते हुए 2010 के पूर्व नियुक्त समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों को परीक्षा की तैयारी के लिए डेढ़ माह का संवैतनिक अवकाश दिए जाने की मांग की है।
संगठन ने इस संबंध में कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त, जिला डिंडौरी को पत्र लिखकर 1 सितंबर 2026 से 15 अक्टूबर 2026 तक अवकाश प्रदान करने का आग्रह किया है। संगठन का कहना है कि मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा आयोजित टीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय और अवसर मिलना आवश्यक है।
शासकीय शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप संबंधित शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने के लिए तैयारी का अवसर दिया जाना जरूरी है। लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के लिए परीक्षा की तैयारी के मद्देनजर विशेष अवकाश दिए जाने से उन्हें बेहतर तरीके से परीक्षा की तैयारी करने में मदद मिलेगी।
संगठन ने यह भी सुझाव दिया है कि अवकाश अवधि के दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए टीईटी उत्तीर्ण अतिथि शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। संगठन ने प्रशासन से शिक्षक हित एवं विद्यार्थियों की शैक्षणिक व्यवस्था दोनों को ध्यान में रखते हुए मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया है। संगठन की ओर से जिलाध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने पत्र के माध्यम से प्रशासन का ध्यान इस मांग की ओर आकर्षित किया है।
