डिंडौरी। शिक्षक दिवस के अवसर पर गुरुवार को विद्यदीप इंग्लिश मीडियम स्कूल डिंडौरी में विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर दिनभर उल्लास और उत्साह से गूंजता रहा। बच्चों ने अपने शिक्षकों के प्रति आदर और कृतज्ञता प्रकट करते हुए दिन को अविस्मरणीय बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत ढंग से हुई। विद्यार्थियों ने शिक्षकों का स्वागत चंदन लगाकर, पुष्प और फल अर्पित कर किया। इसके साथ ही बच्चों ने अपने स्तर से कप सेट, पेन और अन्य सामग्री भेंट स्वरूप देकर शिक्षकों को सम्मानित किया। इस दौरान सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ भावविभोर नज़र आए।
शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में बच्चों ने भावपूर्ण भाषण दिए और गीत-नृत्य की प्रस्तुतियाँ देकर वातावरण को मनमोहक बना दिया। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर मनोरंजक खेलों का आनंद लिया। इसके उपरांत केक काटकर शिक्षक दिवस की खुशियाँ साझा की गईं। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने सामूहिक भोजन कर आपसी स्नेह और भाईचारे का परिचय दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक मोहन सबनानी, ममता सबनानी, भारती श्रीवास्तव, रोशनी श्रीवास, निवेदिता बर्मन और प्रिया मिश्रा उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने सभी शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सुदृढ़ आधारशिला हैं, जिनके मार्गदर्शन से विद्यार्थी उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर होते हैं।
