डिंडौरी। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर आगामी 8 अप्रैल को पूरे मध्यप्रदेश में ज्ञापन सौंपने की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में डिंडौरी जिले में भी शिक्षकों ने आंदोलन को लेकर सक्रियता बढ़ा दी है। संयुक्त मोर्चा के बैनर तले जिले के सभी विकास खंडों में लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
संयुक्त मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष राम कुमार गर्ग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रदेशव्यापी कार्यक्रम के तहत डिंडौरी में भी व्यापक स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। जिला संयोजक सुशील कुमार नागेश्वर एवं कार्यवाहक जिला अध्यक्ष आनंद उइके द्वारा विभिन्न संकुलों में बैठकें लेकर तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है।
इसी कड़ी में करंजिया विकास खंड में ब्लॉक अध्यक्ष जीवन मरावी एवं श्यामलाल विश्वकर्मा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 8 अप्रैल को आयोजित होने वाली ‘शिक्षक सम्मान बचाओ रैली’ को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई।
शिक्षकों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल और जनजातीय कार्य विभाग भोपाल के आदेश निरस्त नहीं किए जाते तथा सरकार द्वारा पिटीशन दायर नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर उग्र प्रदर्शन भी किया जाएगा। बैठक में इनायत अली सैयद, ओमप्रकाश, लवकुश, सावित्री चंदेल, बी. पड़वार, जितेंद्र अवधिया, भुक्तू नेताम सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लेकर संघर्ष का संकल्प लिया।
