Snake Scare in Village : गांव में घुसा विशाल अजगर, मुर्गी निगली – अजगर पकड़ने खुद उतरे ग्रामीण, वन विभाग की लापरवाही से भड़के ग्रामीण…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिला मुख्यालय से लगे ग्राम बिजौरा में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक विशाल अजगर गांव में घुस आया और मुर्गी को निगल गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, लेकिन विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचने की बजाय फोन पर ही ग्रामीणों को सलाह दे डाली कि वे स्वयं अजगर को पकड़कर बोरी में बंद कर दें। विभाग की इस लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने जोखिम उठाकर अजगर को पकड़ लिया और बोरी में कैद कर रातभर उसकी निगरानी करते रहे।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में अजगर की मौजूदगी से लोग भयभीत हैं और आशंका है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो अजगर अन्य पशु-पक्षियों को भी शिकार बना सकता है। उन्होंने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग केवल कागजों में वन्यजीव संरक्षण दिखाता है, लेकिन हकीकत में लापरवाही साफ झलकती है।

इस बीच, जैसे ही मामला वन मंडलाधिकारी (DFO) पुनीत सोनकर तक पहुंचा, उन्होंने तत्काल रेस्क्यू टीम भेजने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने कहा है कि यदि वन विभाग ने भविष्य में ऐसी घटनाओं पर तत्परता नहीं दिखाई तो बड़ी घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने मांग की है कि विभाग गांवों में सक्रिय रहकर वास्तव में वन्य जीव संरक्षण सुनिश्चित करे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *