Show Cause Notice : ई-अटेंडेंस न लगाने व अवकाश प्रक्रिया न मानने पर प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के उमरिया जिला शिक्षा अधिकारी आर.एस. मरावी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरपुर के आधार केंद्र, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरेवा, शासकीय हाई स्कूल इंदवार, टिकुरी एवं पनपथा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी प्राचार्यों को उमंग कॉर्नर बनवाने, विद्यालय में साफ-सफाई सुनिश्चित करने, ई-अटेंडेंस प्रणाली लागू करने, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने तथा सभी शिक्षकों को अध्यापन हेतु लेसन प्लान तैयार करने के सख्त निर्देश दिए।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरपुर में विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक बच्चों को आधार केंद्र में उपस्थित कराकर आधार कार्ड बनवाएं। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए वृक्षों की जानकारी संबंधित पोर्टल पर अपलोड कराकर प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाए। शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप शैक्षणिक कार्य, प्रायोगिक कार्य और पुस्तकालय की पुस्तकों का सही उपयोग सुनिश्चित कर मासिक मूल्यांकन का रिकॉर्ड भी बनाए जाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त संकुल अंतर्गत सभी शासकीय व अशासकीय विद्यालयों का पंजीयन एसएचवीआर पोर्टल पर कराकर समस्त जानकारी फीड कराने का भी आदेश दिया गया।

विशेष ध्यान दिया गया कि शासकीय हाई स्कूल इंदवार में ई-अटेंडेंस न लगाने और विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या अत्यंत कम पाये जाने पर, साथ ही प्राचार्य द्वारा अवकाश स्वीकृति न लेने एवं शिक्षक एप में अवकाश दर्ज न करने पर कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना समन्वयक विनीत कुमार के.वी. एवं आई.टी समन्वयक कलेश्वर सिंह भी उपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी आर.एस. मरावी ने साफ किया कि सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएगा ताकि शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *