— मध्यप्रदेश के संविदा कर्मियों की बढ़ेगी आय, 4.46 फीसदी वार्षिक वेतन वृद्धि लागू
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के वित्त विभाग ने संविदा पर नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पारिश्रमिक में वार्षिक वृद्धि संबंधी आदेश जारी कर दिया है। वित्त विभाग द्वारा 8 जून 2026 को जारी आदेश के अनुसार 1 अप्रैल 2026 की स्थिति में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) के आधार पर संविदा कर्मियों के पारिश्रमिक में 4.46 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि निर्धारित की गई है।
जारी आदेश में कहा गया है कि सामान्य प्रशासन विभाग के परिपत्र क्रमांक एफ-5-2/2018/1/3, दिनांक 22 जुलाई 2023 की कंडिका 4.3 के प्रावधानों के तहत यह वृद्धि लागू की जाएगी। यह निर्णय राज्य शासन के सभी विभागों, संभागीय आयुक्तों, विभागाध्यक्षों, जिला कलेक्टरों तथा अन्य संबंधित कार्यालयों के लिए प्रभावी रहेगा।
वित्त विभाग के उप सचिव विवेक कुमार घारू द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संविदा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पारिश्रमिक में यह वृद्धि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर निर्धारित की गई है। आदेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है। इस निर्णय से प्रदेशभर में कार्यरत हजारों संविदा अधिकारी एवं कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा और उनके मासिक पारिश्रमिक में वृद्धि होगी। देखें आदेश…

