Dindori News  :  कलेक्टर पहुंचीं अचानक, 25 कर्मचारी मिले नदारद! जवाब नहीं तो कटेगा वेतन…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

संयुक्त कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण, कार्य में लापरवाही पर कलेक्टर ने दिखाई सख्ती

डिंडौरी। जिला कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने सोमवार को संयुक्त कलेक्ट्रेट कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान 25 कर्मचारी बिना अनुमति के अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

दरअसल कलेक्टर ने वित्त शाखा, शिकायत शाखा, लोक सेवा प्रबंधन, भू-अभिलेख, जनजातीय कार्य विभाग, पिछड़ा वर्ग शाखा, महिला सशक्तिकरण, खाद्य शाखा, महिला एवं बाल विकास विभाग, आबकारी विभाग, सहकारिता विभाग, सांख्यिकी एवं योजना कार्यालय, तहसील कार्यालय, जनसंपर्क कार्यालय, ई-गवर्नेंस विभाग तथा श्रम विभाग सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के संबंध में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि संबंधित कर्मचारी संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध एक दिवस का वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं खाद्य विभाग के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गर्मी को देखते हुए कर्मचारियों की सुविधा के लिए बैठक कक्ष में कूलर लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने, सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और कार्यालयीन कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *