Dindori News : धान के पैरा में छिपाकर रखी थी शराब की खेप, गाड़ासरई पुलिस ने 140 लीटर अंग्रेजी शराब की जब्त…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

— 1.10 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद, आरोपी गिरफ्तार

 

डिंडौरी । जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाड़ासरई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 140 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा एवं एसडीओपी सतीष कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोसमडीह में एक व्यक्ति द्वारा बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखी गई है।

 

सूचना के आधार पर 7 जून 2026 की रात थाना गाड़ासरई पुलिस ने ग्राम कोसमडीह में दबिश देकर घेराबंदी की और संदिग्ध स्थान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के घर के पास स्थित बाड़ी में धान के पैरा के ढेर के नीचे भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी मिली। पुलिस ने मौके से करीब 140 लीटर शराब बरामद कर जब्त कर ली।

 

पुलिस ने आरोपी नानु उर्फ विवेक परस्ते (26 वर्ष) निवासी ग्राम कोसमडीह, थाना गाड़ासरई को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 189/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध शराब को लोगों की नजरों से बचाने के लिए धान के पैरा में छिपाकर रखता था और उसकी बिक्री की तैयारी कर रहा था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से शराब की बड़ी खेप बाजार में पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमृत कुमार तिग्गा, उपनिरीक्षक ध्रुव कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक सत्यनारायण पटेल, पंकज सिंह, चन्द्रभान सिंह, सिंधु सिंह सहित पुलिस एवं एसएसयू स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *