मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में शहडोल–पंडरिया हाईवे पर ग्राम आमाडोंगरी पानी टंकी के पास लंबे समय से एक बड़ा गड्ढा सड़क हादसों का खतरा बनकर मंडरा रहा था। रोज़ाना इस मार्ग से गुजरते वाहन चालक असुविधा का सामना कर रहे थे और गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रविवार सुबह ग्राम के जागरूक युवाओं ने आगे आकर सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। युवाओं ने स्वयं गिट्टी, रेत और सीमेंट की व्यवस्था कर खतरनाक गड्ढे को भरकर सड़क को सुरक्षित बनाया।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की और कहा कि यह कार्य प्रशासन और सड़क विभाग के लिए प्रेरणा है। युवाओं का कहना है कि यदि हर व्यक्ति अपने आसपास की समस्याओं के प्रति जागरूक हो जाए तो समाज में कई परेशानियों का समाधान स्वयं संभव है। इस पहल ने यह साबित कर दिया कि छोटी कोशिशें भी बड़े बदलाव ला सकती हैं और समुदाय की जागरूकता कई जीवनों को बचा सकती है।




