Politics News : भाजपा की राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश को बड़ी जिम्मेदारी, चार नेताओं को मिला अहम पद….

Rathore Ramshay Mardan
7 Min Read

 

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय कार्यालय से जारी छह पृष्ठों की प्रेस विज्ञप्ति में राष्ट्रीय संगठन में विभिन्न पदों पर नियुक्तियों की घोषणा की गई है। पार्टी के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। नई टीम में मध्यप्रदेश को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है और प्रदेश के चार नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

दरअसल मध्यप्रदेश से राम माधव और लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री और कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। राष्ट्रीय संगठन में मध्यप्रदेश के इन चार नेताओं की नियुक्ति को प्रदेश के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में कुल 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें राजस्थान की वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत, मध्यप्रदेश के राम माधव, ओडिशा के बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश की डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश की रेखा वर्मा, गुजरात की वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र की डॉ. भारती प्रवीन पवार, पंजाब के सरदार मनजीत सिंह बादल, मध्यप्रदेश के लाल सिंह आर्य, कर्नाटक के प्रो. एम. नागराज, उत्तर प्रदेश के प्रो. तारिक मंसूर और पश्चिम बंगाल की डॉ. मधुचंद कर शामिल हैं।

राष्ट्रीय महामंत्री पद पर आठ नियुक्तियां

पार्टी ने राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर भी आठ नेताओं को जिम्मेदारी दी है। इनमें महाराष्ट्र के विनोद तावड़े, दिल्ली के सुनील बंसल, त्रिपुरा के बिप्लब कुमार देब, उत्तर प्रदेश की स्मृति ईरानी, राजस्थान के डॉ. सतीश पूनिया, मध्यप्रदेश के गजेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश के हरीश द्विवेदी और हरियाणा के संजय भाटिया शामिल हैं।

मध्यप्रदेश से गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया जाना प्रदेश के संगठन के लिए विशेष रूप से अहम माना जा रहा है। राष्ट्रीय संगठन में महामंत्री का पद पार्टी के कामकाज और संगठनात्मक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका वाला माना जाता है।

कविता पाटीदार समेत 16 नेताओं को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी

राष्ट्रीय मंत्री के पद पर मध्यप्रदेश की कविता पाटीदार समेत 16 नेताओं की नियुक्ति की गई है। सूची में केरल के के. सुरेंद्रन, उत्तर प्रदेश के डॉ. भोला सिंह, झारखंड के डॉ. प्रदीप वर्मा, गुजरात के जगदीश ईश्वरभाई पटेल, दिल्ली के डॉ. संदीप पाठक, नागालैंड की फांगनोन कोन्याक, उत्तर प्रदेश की संगीता यादव, केरल के अनिल एंटनी, तमिलनाडु के डॉ. एम. वेंकटेशन, पश्चिम बंगाल के मनोज टिग्गा, बिहार के सिद्धार्थ शंभू, दिल्ली के डॉ. स्वदेश सिंह, असम के मृणालकांती देव बर्मन, गुजरात के रोहन गुप्ता और दिल्ली के जय प्रकाश भी शामिल हैं।

कोषाध्यक्ष और कार्यालय की जिम्मेदारियां भी तय

भाजपा ने पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष तथा राजस्थान के राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं पंजाब के तरुण चुग को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और उत्तराखंड के महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री बनाया गया है।

नॉर्थ ईस्ट संगठन के लिए डॉ. संबित पात्रा को संयोजक और दिल्ली के राजीव बब्बर को सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने प्रकोष्ठों के संचालन के लिए मध्यप्रदेश के विष्णु दत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक नियुक्त किया है। बिहार के ऋतुराज सिन्हा और आंध्र प्रदेश के विष्णु वर्धन रेड्डी को सह-संयोजक बनाया गया है।

संगठन में महामंत्री और सह महामंत्री की भी नियुक्ति

भाजपा संगठन में राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के रूप में दिल्ली के बी.एल. संतोष को जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) के पद पर मुंबई के शिवप्रकाश और चंडीगढ़ के सौदान सिंह को नियुक्त किया गया है।

मीडिया और सोशल मीडिया टीम में भी बदलाव

पार्टी ने मीडिया और सोशल मीडिया के लिए भी नई टीम घोषित की है। उत्तराखंड के अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है। मध्यप्रदेश के आशीष उपाध्याय, दिल्ली के प्रदीप भंडारी और दिल्ली के सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।

छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। महाराष्ट्र की प्रीति गांधी, दिल्ली के शिवानंद द्विवेदी, उत्तराखंड के आलोक भट्ट और हरियाणा के अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।

सात मोर्चों के राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त

भाजपा ने संगठन के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की नियुक्ति भी की है। गुजरात के डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा, छत्तीसगढ़ की रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा, उत्तर प्रदेश के अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा और मध्यप्रदेश के बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।

बिहार के शिवेश कुमार राम को एससी मोर्चा, राजस्थान के डॉ. मनलाल रावत को एसटी मोर्चा और उत्तर प्रदेश के कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

मध्यप्रदेश का राष्ट्रीय संगठन में बढ़ा प्रतिनिधित्व

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश से राम माधव, लाल सिंह आर्य, गजेंद्र पटेल और कविता पाटीदार को अलग-अलग महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलना प्रदेश के संगठनात्मक प्रभाव की दृष्टि से अहम है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय महामंत्री और राष्ट्रीय मंत्री तक प्रदेश के नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा प्रकोष्ठ संकुल संयोजक के रूप में विष्णु दत्त शर्मा की नियुक्ति भी मध्यप्रदेश के प्रतिनिधित्व को और महत्वपूर्ण बनाती है।

पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। इससे आने वाले समय में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के कामकाज और राज्यों में संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *