डिंडौरी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबे समय से लंबित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से 50 से 100 दिवस से लंबित शिकायतों की समीक्षा की और कहा कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को शिकायतों का केवल औपचारिक निराकरण करने के बजाय गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
21 अगस्त को मेंहदवानी में होगा जन विश्वास अभियान
बैठक में आगामी 21 अगस्त 2026 को मेंहदवानी में आयोजित होने वाले जन विश्वास अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में आमजन की सुविधा, विभागीय योजनाओं की जानकारी और विभिन्न सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आयोजित करने को कहा।
किसानों की ई-केवाईसी और फार्मर आईडी पर विशेष जोर
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी राजस्व अधिकारियों, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों, राजस्व निरीक्षकों और पटवारियों को किसानों की ई-केवाईसी तथा फार्मर आईडी तैयार करने का कार्य निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों के किसानों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराएं, ताकि सभी पात्र कृषकों को शासन की कृषि योजनाओं, अनुदान और अन्य सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, संयुक्त कलेक्टर भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




