MP Tirth Darshan Yojana : अयोध्या-काशी की तीर्थ यात्रा का मौका, डिंडौरी से 196 श्रद्धालु जाएंगे….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

15 सितंबर तक होंगे आवेदन, 22 से 27 अक्टूबर तक होगी छह दिवसीय यात्रा

डिंडौरी। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत डिंडौरी जिले के 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिकों को अयोध्या और काशी (वाराणसी) की तीर्थ यात्रा का अवसर मिलेगा। यह यात्रा 22 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 तक छह दिनों की होगी। जिले के श्रद्धालुओं के लिए कुल 196 बर्थ/सीट आवंटित की गई हैं।

यात्रा में शामिल होने के इच्छुक पात्र नागरिक 15 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। योजना के तहत ऐसे नागरिक पात्र होंगे जो 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के हैं और आयकरदाता नहीं हैं। आवेदन के साथ आधार कार्ड एवं समग्र आईडी की छायाप्रति प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।

प्राप्त आवेदनों की जानकारी धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा विकसित पोर्टल dpms.mp.gov.in पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। चयनित हितग्राहियों की सूची आईआरसीटीसी भोपाल को उपलब्ध कराई जाएगी।

आवेदन के लिए नगर परिषद डिंडौरी और नगर परिषद शहपुरा से 25-25 आवेदन तथा जनपद पंचायत डिंडौरी, अमरपुर, समनापुर, बजाग, करंजिया, शहपुरा और मेंहदवानी से 50-50 आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।

जबलपुर से होगी यात्रा की शुरुआत

तीर्थ यात्रा के लिए चयनित श्रद्धालुओं को बोर्डिंग स्टेशन जबलपुर तक स्वयं पहुंचना होगा। यात्रियों को मौसम के अनुरूप आवश्यक व्यक्तिगत सामग्री, जैसे चादर और कंबल आदि साथ रखने की सलाह दी गई है। यात्रा के दौरान किसी विशिष्ट या अतिरिक्त सुविधा का लाभ लेने पर उसका खर्च संबंधित यात्री को स्वयं वहन करना होगा।

यात्रा में शामिल होने वाले प्रत्येक यात्री के लिए मूल आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी साथ रखना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने योजना के तहत पात्र श्रद्धालुओं से निर्धारित समय सीमा में आवेदन करने की अपील की है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *