आगर मालवा से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे सितंबर की किस्त का अंतरण, प्रदेश की पात्र महिलाओं को मिलेंगे 1,500 रुपये
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की सितंबर माह की 40वीं किस्त का अंतरण करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,835 करोड़ 09 लाख 22 हजार 450 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता सीधे अंतरित की जाएगी। योजना के माध्यम से महिलाओं को अब तक 65 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता दी जाती थी। अक्टूबर 2023 में राशि बढ़ाकर 1,250 रुपये तथा नवंबर 2025 से 1,500 रुपये प्रतिमाह कर दी गई। वर्तमान में पात्र महिला हितग्राहियों को 1,500 रुपये की मासिक आर्थिक सहायता दी जा रही है।
39 किस्तों के बाद अब 40वीं किस्त
जून 2023 से अगस्त 2026 तक योजना के अंतर्गत 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। सितंबर माह में 40वीं किस्त अंतरित की जाएगी। इसके अतिरिक्त रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में लाभार्थी महिलाओं को 250 रुपये की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई है।
योजना के प्रावधानों के अनुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से प्रतिमाह 900 रुपये प्राप्त करने वाली पात्र महिलाओं को भी लाभ दिया जा रहा है। इस व्यवस्था के तहत उन्हें निर्धारित अंतर की राशि उपलब्ध कराई जाती है।
65 हजार करोड़ से अधिक की राशि अंतरित
लाड़ली बहना योजना के माध्यम से जून 2023 से अगस्त 2026 तक 63,560.90 करोड़ रुपये की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है। सितंबर की किस्त के बाद योजना के प्रारंभ से अब तक नियमित मासिक सहायता के रूप में अंतरित राशि 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना के तहत 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। सितंबर 2026 तक वित्तीय वर्ष में योजना के अंतर्गत 11,300 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है।
आगर मालवा में विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगर मालवा में 225 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कुल 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 28 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 17 कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। इस कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात मिलेगी।
