— गृह विभाग ने जारी किया आदेश, एएसपी, एसडीओपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। राज्य शासन के गृह विभाग ने भारतीय पुलिस सेवा एवं राज्य पुलिस सेवा के कुल 137 अधिकारियों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश 13 सितंबर 2026 को जारी किया गया है। आदेश में अधिकारियों को उनकी वर्तमान पदस्थापना से हटाकर आगामी आदेश तक नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
— जारी आदेश के मुताबिक
जारी तबादला आदेश में पुलिस मुख्यालय, विभिन्न जिलों और नगरीय पुलिस इकाइयों में पदस्थ अधिकारियों को नई जगह पदस्थ किया गया है। सूची में सहायक पुलिस आयुक्त, नगर पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) और उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
आदेश के अनुसार मनीष भारद्वाज को पुलिस मुख्यालय भोपाल में उप पुलिस अधीक्षक (साइबर) के पद से सहायक पुलिस आयुक्त, कोतवाली, नगरीय इंदौर पदस्थ किया गया है। वहीं आलोक कुमार वर्मा को जिला देवास के सहायक पुलिस अधीक्षक पद से नगर पुलिस अधीक्षक, रीवा की जिम्मेदारी दी गई है। वैभव प्रिया को जिला रतलाम से एसडीओपी नेपानगर, बुरहानपुर और शुभम सिंह ठाकुर को जिला जबलपुर से एसडीओपी गाडरवारा, नरसिंहपुर पदस्थ किया गया है।
इसी क्रम में मनोज कुमार को जिला ग्वालियर के सहायक पुलिस अधीक्षक पद से सहायक पुलिस आयुक्त, एमपी नगर, नगरीय भोपाल बनाया गया है। लेखराज मीना को छतरपुर से एसडीओपी सेतला, रतलाम तथा काजल सिंह को उज्जैन से एसडीओपी खुरई, सागर पदस्थ किया गया है। राजीव अग्रवाल को रीवा से एसडीओपी कुक्षी, धार और दीपांशु को सागर से एसडीओपी मनावर, धार की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अमित कुमार को खंडवा से एसडीओपी सिंगरौली पदस्थ किया गया है।
राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों में भी व्यापक स्तर पर बदलाव किया गया है। मान सिंह टेकाम को उप पुलिस अधीक्षक अजाक अनूपपुर, प्रतीम सिंह बालरे को नगर पुलिस अधीक्षक बालाघाट, उमेश कुमार तिवारी को उप पुलिस अधीक्षक अपराध जबलपुर और सलिल शर्मा को एसडीओपी औबेदुल्लागंज, रायसेन पदस्थ किया गया है।
इसके अलावा त्रिलोक चंद्र पवार को सहायक पुलिस आयुक्त अपराध शाखा, नगरीय इंदौर, प्रेमनारायण गोयल को एसडीओपी सीहोर, भगत सिंह गोंडरिया को सहायक सेनानी, मान. उच्च न्यायालय सुरक्षा, जबलपुर तथा प्रकाश मिश्रा को एसडीओपी बड़ामलहरा, छतरपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आदेश में शिवचरण बोहित, रजेश तोमर, लोकेश कुमार मार्की, मेहन्ती मरावी, उमाकांत चौधरी और विजय सिंह भदौरिया समेत अन्य अधिकारियों की भी नवीन पदस्थापना की गई है। सूची के अंतिम हिस्से में नीलम बघेल, ललित सिंह डांगर, मनोज गुप्ता, रजेश कुमार मालवीय, अजय चानना, प्रवीण त्रिपाठी, विवेक अठाना और प्रेमेन्द्र कुमार सिंह सहित अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। गृह विभाग के आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारियों को तालिका में दर्शाए गए नवीन पद एवं स्थान पर आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।

