Dindori News : 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, डिंडौरी में तैयारियों को लेकर मंत्री संपतिया उइके ने ली बैठक….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

डिंडौरी। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने रविवार को डिंडौरी सर्किट हाउस में सेवा संकल्प अभियान-2026 की तैयारियों और जिले में इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अभियान के उद्देश्यों, कार्यक्रमों और जनभागीदारी को लेकर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक एक माह चलेगा। अभियान का उद्देश्य जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाना है। साथ ही योजनाओं के लाभ से वंचित पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़कर लाभ दिलाने पर भी विशेष जोर रहेगा।

अभियान के दौरान सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं सेवा की कहानी/सेवा गाथा के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियां सामने लाई जाएंगी। ‘सेवा मेरा योगदान’ के जरिए जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ विकसित भारत@2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

इन गतिविधियों पर रहेगा जोर

सेवा संकल्प अभियान के तहत आशीर्वाद का दीया, सेवा सेतु अभियान, सेवा मेरा योगदान, सेवा की कहानी/सेवा गाथा, बच्चों के सपनों का भारत, आंगनबाड़ी उत्सव, सेवा ज्योति यात्रा और विकसित भारत संकल्प सहित विभिन्न जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के लिए सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार कर ग्राम, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने और पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी बनाते हुए अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला वनमंडल अधिकारी अशोक सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *