डिंडौरी। विकासखंड डिंडौरी की ग्राम पंचायत पौंडी माल में विकास कार्यों को लेकर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को विभिन्न निर्माण कार्यों की सौगात मिली। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान हनुमान मंदिर के पास आंगनवाड़ी भवन की बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही चन्द्रिका प्रसाद गोसांई के घर से भूपत कासिया के घर तक सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से स्थानीय स्तर पर आवागमन और आंगनवाड़ी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
इस अवसर पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि गांवों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, आंगनवाड़ी भवन, पेयजल और बिजली जैसी सुविधाओं के विकास से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में स्वीकृत विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाना चाहिए, ताकि आमजन को इनका लाभ जल्द मिल सके।
सांसद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से गांवों को अधिक सशक्त और विकसित बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, रेडक्रॉस समिति अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, सरपंच, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।



