भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया गया है। यह पूरी चयन प्रक्रिया मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा संपन्न कराई गई, जिसके अंतर्गत कुल 7500 पदों पर भर्ती हेतु अगस्त 2025 में विज्ञापन जारी किया गया था।
इस भर्ती प्रक्रिया में प्रदेशभर से लगभग 9 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जो पुलिस सेवा में युवाओं की बढ़ती रुचि को दर्शाता है। लिखित परीक्षा का आयोजन मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों में लगभग एक माह तक किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
लिखित परीक्षा के परिणाम के बाद शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए 57,990 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था। यह परीक्षा 23 फरवरी से 14 मार्च 2026 तक प्रदेश के 10 निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की गई, जिसमें 44,483 अभ्यर्थी शामिल हुए। सभी चरणों की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आज अंतिम चयन परिणाम घोषित किया गया। चयनित अभ्यर्थी मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर परिणाम देख सकते हैं।
घोषित परिणाम के अनुसार कुल 6,525 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है, जिनमें से 5,916 अभ्यर्थियों का चयन जिला पुलिस बल में तथा 609 अभ्यर्थियों का चयन विशेष सशस्त्र बल (SAF) के लिए किया गया है। प्रशासन ने बताया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और तकनीकी मानकों के अनुसार संपन्न कराया गया है, जिससे चयन प्रक्रिया पर अभ्यर्थियों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
