— मध्यप्रदेश में पुलिस अधिकारियों के संभागीय प्रभारी नामांकन, कानून व्यवस्था में बड़ा फेरबदल
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन गृह विभाग ने 8 अप्रैल को आदेश जारी किया है, जिसमें राज्य के विभिन्न संभागों के लिए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को संभागीय प्रभारी अधिकारी के रूप में नामांकित किया गया है। यह कदम मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश की अध्यक्षता में आयोजित संभाग स्तर की कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यों की समीक्षा बैठक के प्रभावी अनुश्रवण और पर्यवेक्षण को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
वरूण कपूर, भापुसे (1991), महानिदेशक जेल, भोपाल को भोपाल संभाग का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। उपेन्द्र कुमार जैन, भापुसे (1991), महानिदेशक, आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, भोपाल को उज्जैन संभाग का प्रभारी बनाया गया है। जी अखेतो सेमा, भापुसे (1992), विशेष पुलिस महानिदेशक, जेल, भोपाल को चम्बल संभाग का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। पंकज कुमार श्रीवास्तव, भापुसे (1992), विशेष पुलिस महानिदेशक, सीआईडी एवं सतर्कता, पुलिस मुख्यालय, भोपाल को जबलपुर संभाग का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
रवि कुमार गुप्ता, भापुसे (1993), विशेष पुलिस महानिदेशक, रेल, पुलिस मुख्यालय, भोपाल को नर्मदापुरम संभाग का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। अनंत कुमार सिंह, भापुसे (1994), विशेष पुलिस महानिदेशक / प्रबंध संचालक, म.प्र. पुलिस हाऊसिंग कार्पोरेशन, भोपाल को सागर संभाग का प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। राजाबाबू सिंह, भापुसे (1994), अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, प्रशिक्षण, पुलिस मुख्यालय, भोपाल को शहडोल संभाग का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पूर्व में जारी आदेशों के अनुसार, प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ग्वालियर संभाग की प्रभारी अधिकारी, अनिल कुमार रीवा संभाग के प्रभारी अधिकारी और आदर्श कटियार इन्दौर संभाग के प्रभारी अधिकारी बने हुए हैं। इन संभागों का प्रभार यथावत रहेगा। गृह विभाग ने बताया कि इस नामांकन का उद्देश्य संभागीय पुलिस कार्यों की प्रभावी निगरानी, अपराध नियंत्रण और राज्य में कानून व्यवस्था की मजबूती सुनिश्चित करना है। देखें आदेश..

