Mp News : सीएम मोहन यादव सख्त— रायसेन SP मुख्यालय अटैच, थाना प्रभारी हटाए….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर मंगलवार शाम पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की आपात बैठक ली। बैठक में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों में हुई आपराधिक घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि अपराधियों के प्रति किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस को सड़कों पर उतरकर सक्रिय रूप से कार्रवाई करनी होगी।

मुख्यमंत्री ने रायसेन जिले में हुई आपराधिक घटना में अब तक गिरफ्तारी न होने पर नाराजगी जताई और पुलिस अधीक्षक रायसेन को तत्काल पुलिस मुख्यालय अटैच करने के निर्देश दिए। इसी के साथ मंडीदीप में हुए चक्काजाम प्रकरण के दौरान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से असंतोष जाहिर करते हुए मिसरोद थाना प्रभारी को हटाने के निर्देश भी जारी किए। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि पुलिस नियमित गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ाए, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई करे और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की चूक स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, एडीजी इंटेलीजेंस, पुलिस कमिश्नर भोपाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *