Mp News : मध्यप्रदेश की बेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर कौशल विकास का लहराया परचम…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

पीएम मोदी ने बैतूल की आईटीआई छात्रा तावड़े को किया सम्मानित….

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में 4 अक्टूबर को आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में मध्यप्रदेश की शासकीय आईटीआई, बैतूल की इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की प्रशिक्षार्थी कुमारी त्रिशा तावड़े को आल इंडिया सेंट्रल ज़ोन टू ईयर ट्रेड में टॉप करने पर सम्मानित किया।

कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने कुमारी त्रिशा को इस उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि यह सफलता प्रदेश में कौशल आधारित शिक्षा की गुणवत्ता, प्रशिक्षकों के समर्पण और युवा प्रतिभाओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षुओं को तकनीकी दक्षता के साथ जीवन कौशल, व्यक्तित्व विकास, भाषा और संचार कौशल भी प्रदान किया जा रहा है।

मध्यप्रदेश के अन्य 09 प्रशिक्षार्थियों ने भी ऑल इंडिया ट्रेड टॉपर के रूप में प्रदेश का नाम रोशन किया। इनमें कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट पूजा जाटव (भोपाल), ड्रोन तकनीशियन श्याम महेश्वरी (जबलपुर), फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी अमन गजभिये (उज्जैन), मेसन श्रुति विश्वकर्मा (बालाघाट), मैकेनिक ट्रैक्टर अरविंद कुमरे (जबलपुर), मैकेनिक कंप्यूटर हार्डवेयर निकिता तायवड़े (बैतूल), मिल्क एंड मिल्क प्रोडक्ट टेक्नीशियन अभिजीत सिंह सिसोदिया (भोपाल) और स्टेनोग्राफर एंड सेक्रेटेरियल असिस्टेंट शिवम यादव (खंडवा) शामिल हैं।

बैतूल जिले की छात्रा त्रिशा तावड़े ने 1200 में से 1187 अंक प्राप्त कर सेंट्रल जोन में प्रथम स्थान हासिल किया और मध्यप्रदेश की एकमात्र प्रशिक्षणार्थी के रूप में राष्ट्रीय मेरिट सूची में नाम दर्ज कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। त्रिशा के पिता अजय तावड़े बस ड्राइवर और माता सुशीला तावड़े गृहणी हैं। बड़ी बहन एकता तावड़े भी आईटीआई बैतूल की टॉपर रह चुकी हैं और वर्तमान में रेलवे में एप्रेंटिस के रूप में कार्यरत हैं।

आईटीआई बैतूल में ‘हुनर पहल’ कार्यक्रम के तहत छात्राओं को महिला सशक्तिकरण, कम्युनिकेशन और सॉफ्ट स्किल्स, इंग्लिश स्पीकिंग, हार्टफुलनेस ध्यान, व्यक्तित्व विकास शिविर, हेल्थ क्लब गतिविधियां, योग और कराटे प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इससे न केवल प्रदेश में बल्कि देश-विदेश में छात्राओं के रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

प्रदेश के 280 शासकीय आईटीआई में कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप छात्राओं की उन्नति और कौशल प्रशिक्षण के लिए विशेष प्रयास लगातार जारी हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *