मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में सरकारी स्कूल में बच्चों को कागज पर भोजन परोसे जाने के वायरल वीडियो के बाद जिला शिक्षा अधिकारी श्योपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राथमिक विद्यालय हुल्लपुर के प्रभारी शिक्षक श्री भोगीराम धाकड़ को लापरवाही का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इस संबंध में जारी आदेश में कहा गया है कि शाला प्रभारी द्वारा समय रहते वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी नहीं दी गई, जिससे यह घटना घटी। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि प्रभारी शिक्षक ने अपने पदीय दायित्वों का सही निर्वहन नहीं किया, जो कि मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
—वायरल वीडियो
डीईओ श्योपुर ने बताया कि धाकड़ के विरुद्ध मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रारंभ की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी विजयपुर रहेगा तथा उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय रहेगा।
बता दें कि कुछ दिन पूर्व हुल्लपुर माध्यमिक विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें छात्र-छात्राएं पीएम पोषण आहार योजना के तहत कागज पर भोजन खाते हुए दिखाई दे रहे थे। इस प्रकरण में पहले ही जय मां संतोषी स्व-सहायता समूह का अनुबंध रद्द कर दिया गया था और अब शाला प्रभारी पर भी कार्रवाई की गई है।





