भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि में ₹250 की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के अनुसार अब प्रदेश की लाड़ली बहनों को नवंबर 2025 से ₹1500 प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक के पश्चात कहा कि — हर वादा निभाया, जो कहा वो किया। लाड़ली बहना योजना आत्मसम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की अद्वितीय पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रदेश की बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उनके सामाजिक सम्मान को भी बढ़ा रही है। राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से लाखों महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। योजना का उद्देश्य महिलाओं में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना है ।कैबिनेट के इस निर्णय का पूरे प्रदेश में स्वागत किया जा रहा है। महिला समूहों ने कहा कि यह निर्णय मुख्यमंत्री की महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और वचनबद्धता को दर्शाता है।





