Dindori News : मकर संक्रांति मेले में लूट! तय दर से ज्यादा वसूली, ठेकेदार की मनमानी पर बवाल….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। जिले के शहपुरा विकासखंड अंतर्गत मालपुर कन्हैया संगम घाट पर आयोजित मकर संक्रांति मेले में ठेकेदार द्वारा मनमानी वसूली का मामला सामने आया है। व्यापारियों से तय दर से अधिक शुल्क वसूलने के आरोप लगाए गए हैं। मामले से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मालपुर कन्हैया संगम घाट पर 13 जनवरी से 18 जनवरी तक छह दिवसीय मकर संक्रांति मेले का आयोजन किया गया था। मेले के संचालन हेतु ग्राम पंचायत द्वारा नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से ठेका दिया गया था। नीलामी शर्तों में स्पष्ट रूप से उल्लेख था कि दुकान संचालन शुल्क केवल एक बार ही लिया जाएगा।

वहीं व्यापारियों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की नीलामी सूचना के अनुसार दुकान शुल्क ₹1 प्रति स्क्वायर फीट निर्धारित होने के बावजूद ठेकेदार द्वारा इससे अधिक राशि वसूली गई। कई दुकानदारों से तय दर से ज्यादा पैसे लिए जाने की शिकायत सामने आई है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मालपुर ग्राम पंचायत के सरपंच लखन परस्ते ने तत्काल मौके पर पहुंचकर व्यापारियों से चर्चा की। सरपंच ने बताया कि प्राथमिक जांच में व्यापारियों की शिकायतें सही पाई गई हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की आपात बैठक बुलाकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव रखा जाएगा।

इस पूरे मामले में मेला संचालन और निगरानी से जुड़े अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय पर निगरानी की जाती तो उन्हें अतिरिक्त शुल्क नहीं देना पड़ता। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *