डिंडौरी। शाहपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत संरक्षित वन्यजीवों के शिकार की गुप्त सूचना पर वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से जंगली सुअर और बार्किंग डियर (घुटरी) का कुल 28 किलो मांस बरामद किया गया। साथ ही शिकार में प्रयुक्त लोहे का फंदा, कुल्हाड़ी और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
उप वन मंडल अधिकारी सुनील कुमार अशोक ने बताया कि रविवार की रात लगभग 2 बजे, कक्ष क्रमांक 124 कुदवारी में बिजली के करंट से वन्यप्राणियों के शिकार की सूचना मुखबिर से प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर वन अमला सक्रिय हुआ और क्षेत्र में नजर रखी गई। इसी दौरान ग्राम दुहनिया का एक व्यक्ति थैले में मांस लेकर जाता हुआ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के साथ शिकार करने की बात स्वीकार की।
वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया — भान सिंह पिता रूपसे (25 वर्ष) निवासी ग्राम द्वारा, पोस्ट दुहनिया, थाना शाहपुर, सिकंदर मार्को पिता रनमत सिंह (22 वर्ष) निवासी ग्राम ग्वारा, पोस्ट दुहनिया, संजय कुमार पिता नारायण सिंह (32 वर्ष) निवासी ग्राम ग्वारा, पोस्ट दुहनिया, जिला डिंडौरी।
तीनों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। सोमवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी सुदीप मिश्रा, डिप्टी रेंजर धनवीर सिंह मरावी, भारत लाल यादव, ब्रजकिशोर मरावी, अजेश्वर सिंह मरावी, भैरव दास मोगरे, कुलदीप मरावी, तथा बीट गार्ड शिवचरण मसराम, महादेव कुशराम, आलोक धूमकेतु, यशवंत धुर्वे, अनीशा मरकाम, ममता परस्ते और पंकज धुर्वे की सराहनीय भूमिका रही।





