डिंडौरी। नगरीय विकास एवं आवास विभाग, मध्यप्रदेश शासन के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के मुख्य अभियंता शैलेंद्र शुक्ला ने जिले का दौरा कर नगर परिषद डिंडौरी में संचालित पेयजल योजनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का गहन निरीक्षण करते हुए पानी की आपूर्ति और पाइपलाइन व्यवस्था, जल आपूर्ति प्रणाली एवं सिवरेज परियोजना के कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण में नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, उपयंत्री, पीडीएमसी प्रतिनिधि और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित थे।
मुख्य अभियंता शैलेंद्र शुक्ला ने तकनीकी अमले के साथ मौके पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और संचालन व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संसाधनों और मशीनरी का नियमित रखरखाव एवं समय-समय पर मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
साथ ही उन्होंने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के सुचारु संचालन के लिए कुशल केमिस्ट की नियुक्ति और प्रशिक्षित संचालक की तैनाती करने के निर्देश दिए। प्लांट परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने पर भी जोर दिया गया। मुख्य अभियंता ने स्पष्ट किया कि नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और निरंतर पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, और सभी कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं



