Dindori News : संकल्प से समाधान अभियान: ग्राम बरगांव में बी-1 वाचन व खसरा नक्शा वितरण, किसानों को मिली राहत….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत ग्राम बरगांव में बी-1 वाचन कार्य का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों को उनके खसरा नक्शे वितरित किए गए, जिससे भूमि संबंधी जानकारी पारदर्शी रूप से उपलब्ध कराई जा सके।

कार्यक्रम के दौरान राजस्व अमले द्वारा ग्राम के कृषकों एवं हितग्राहियों को खसरा, बी-1, भूमि सीमांकन तथा राजस्व अभिलेखों से संबंधित जानकारी विस्तारपूर्वक समझाई गई। अधिकारियों ने बताया कि खसरा नक्शा वितरण से किसानों को अपनी भूमि की वास्तविक स्थिति, रकबा, सीमाएं एवं स्वामित्व की स्पष्ट जानकारी मिलती है, जिससे भविष्य में भूमि विवादों की संभावनाएं कम होती हैं।

बी-1 वाचन के माध्यम से ग्रामीणों के समक्ष राजस्व अभिलेखों का सार्वजनिक रूप से पठन किया गया। इस दौरान यदि किसी हितग्राही को अभिलेखों में कोई त्रुटि प्रतीत हुई, तो उसके निराकरण हेतु मौके पर ही आवेदन प्राप्त किए गए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्रामीणों ने अभियान के तहत किए जा रहे इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि शासन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत कर रही है। खसरा नक्शा एवं बी-1 वाचन से किसानों को समय पर सही जानकारी मिल रही है, जिससे उन्हें कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

कार्यक्रम में राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि, कोटवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे संकल्प से समाधान अभियान का अधिक से अधिक लाभ लें और अपनी समस्याओं का समाधान मौके पर ही कराएं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *